गोरा रंग श्रेष्ठ कैसे

राक्षसों के शरीर का का रंग काला है वही देवता श्वेत वर्ण के है, भगवान को भी हम गोरे काले रंग से तोलते है, सूर्य देवता को उनके पुत्र पसंद नहीं थे क्योंकि शनि देव अश्वेत थे. जब बचपन से हमें साहित्य में बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला जैसी कहावतें सिखाई जाती है तो यकीनन हम काले रंग को नीच और बुराई का प्रतीक मानने लग जाते है, हमारे समाज में गोरे रंग की एक सत्ता है, जो जन्म से ही श्रेष्ठ घोषित हो जाती है, सड़कों पर हमें दुपट्टा बांधे महिलाएं दिख जाती है, विकास की दौड़ में कहर बरपाती धूप से बचती इन महिलाओं को धूप से नहीं काले होने से डर लगता है, यदि गोरे रंग की मालकियत समाप्त हो गई तो ब्यूटी प्रोडक्ट के कई धंधे बंद हो जाएंगे, किसी व्यक्ति के शरीर का रंग भद्दा कैसे हो सकता है? जबकि विश्व इतिहास में गांधी, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जूनियर तक इस श्वेत सिंहासन को हिलाने में अपना समय देते है, फोटोशॉप के जरिए खुद को ब्यूटीफुल दिखाने के लिए खुद को गोरा करता समाज पिछड़ेपन में जीता है, यह पिछड़ापन उस गुलामी का ही रूपक है, जो गोरों की गुलामी करता है, हम भी बड़े अजीब है, हमे शरीर का रंग गोरा चाहिए लेकिन बाल हमारे सदाबहार काले बने रहने चाहिए, वैसे भी काला रंग संघर्ष और मेहनत का प्रतीक है, अभी चुनाव की डगर में कई नेताओं का रंग काला पड़ गया है, एसी में रहकर देश का चिंतन करने वाले यह महानुभाव जब पगडंडियों और सड़कों पर होते है तो परिश्रम का गाढ़ा रंग इनपर चढ जाता है, परिश्रम का रंग काला है वही विलासिता का रंग सफेद, कभी मौका मिले तो सोचिएगा किसी के गुण अवगुण काले गोरे होने से पता चल सकते है क्या? शायद नहीं, इसीलिए प्रकृति के द्वारा दिए किसी रंग का न मजाक उड़ाएं, न ही इसे पिछड़े पन की निशानी माने, इस विचारधारा को त्याग कर कृष्ण का चिंतन करे, उनमें ध्यान रमेगा तो उनके नीले रंग में भी आपको काले रंग की श्रीनाथ जी की मूर्ति नजर आएंगी जो सभी वैष्णव जनों की श्रद्धा का केंद्र है, बाकि सभी को करना तो वहीं है, जो दिमाग में भरा हुआ है, लोगों को बांटने के लाख जतन तो कर ही सकते है, रंग से बांटना वैसे भी भी आसान है, तो बांटना छोड़िए, याद रखियेगा इस भेदभाव के केंसर से सभी का शरीर संक्रमित ही होगा, रंगों से प्यार कीजिए, किसी के व्यक्तित्व को गोरे - काले से मत तौलिए, चांद इसलिए आसमान में सुंदर दिखता है क्योंकि उसके पास काले रंग का आसमान है, सुंदर आसमान ही है, जिसमें चांद दिखता है इसीलिए सोच विकसित कीजिए.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

न्याय की देवी की आंख पर पट्टी क्यों?

मथुरा की लड़की और गोकुल की गाय कर्म फूटे तो अंत ही जाएं (1930 के दशक की कहानी)

यह देख, गगन मुझमें लय है, यह देख, पवन मुझमें लय है,